किचन में छुपे खूबसूरती के राज


दुनियां में भला कौन ऐसी महिला होगी जो जवान और खूबसूरत नहीं दिखना चाहेगी मगर कुदरत हर किसी को तो खूबसूरत और आकर्षक नहीं बना सकती लेकिन कोई भी महिला खूबसूरत और आकर्षक दिखने की चाह को अपने अन्दर तक ही नहीं रख सकती। फलस्वरूप वे ब्यूटी पार्लरों के चक्कर लगाती हैं।



लेकिन जरा सोचिए कि क्या पुराने जमाने की खूबसूरत मेनका या उर्वशी आदि सुंदरियां ब्यूटी पार्लर जाया करती थीं। नहीं, तो फिर उनकी खूबसूरती का राज क्या था? वे सभी प्राकृतिक और घरेलू सौंदर्य प्रसाधनों का प्रयोग अपनी खूबसूरती बढ़ाने के लिए किया करती थी।



समय बदला है और जगह-जगह ब्यूटी पार्लर खुल गये हैं यानी कि जो महिलाएं अपनी खूबसरती को बनाए रखना चाहती हंै या और सुंदर दिखना चाहती हैं, उन्हें ब्यूटी पार्लर जाना पड़ता है मगर ब्यूटी पार्लर का खर्च पार्लर में जाने के लिए समय भी फालतू होना चाहिए।



इसके अलावा ब्यूटी पार्लरों में जो उत्पाद आपकी त्वचा पर प्रयोग किए जाते हैं, जरूरी नहीं कि वे आपको फायदा ही पहुंचाएं। उनमें उपस्थित केमिकल्स आपकी त्वचा को नुकसान भी पहुंचा सकते हैं। जरूरी नहीं कि महंगे सौंदर्य प्रसाधन आपकी त्वचा की खूबसूरती ही बढ़ाएंगे। वे आपको हानि भी पहुंचा सकते हैं।



अपने किचन में चलिए। आपकी रसोई में ही उत्तम प्रकार के सौंदर्य प्रसाधन मौजूद हैं। जरूरत है उनमें छिपे गुणों को पहचानने की। इनसे आप न केवल अपनी त्वचा को खूबसूरत और निखरा हुआ बना सकती हैं बल्कि उसकी सुरक्षा भी कर सकती हैं। इनका यह फायदा होता है कि ये बाजारों के महंगे सौंदर्य प्रसाधनों से सस्ते पड़ते हंै और इनका त्वचा पर कोई गलत असर भी नहीं पड़ता है, यानी कि ये पूरी तरह फायदेमंद होते हैं।



आइये जानें कि रसोई में प्रयोग होने वाली चीजें किस-किस तरह सौंदर्य प्रसाधन के रूप में प्रयोग की जाती हैं।




दूध:- दूध खुश्क त्वचा के लिए काफी फायदेमंद होता है। यह स्किन को साफ करने के काम में भी लाया जाता है। कच्चे दूध को त्वचा पर लगाने से उसमें निखार आता है। रंग साफ होता है। दूध की मलाई चेहरे पर लगाने से त्वचा में चमक आती है। झुर्रियों से निजात मिलती है।



दही:- दही का प्रयोग उबटन के रूप में पूरे शरीर पर किया जाता है। इससे त्वचा की टोनिंग होती है। दही में नींबू मिलाकर त्वचा पर लगाने से वह कांतिमय हो जाती है। दही में बेसन मिलाकर नहाने से फायदा होता है। छाछ तैलीय त्वचा के लिए उत्तम होती है। इसे हल्की ब्लीचिंग के लिए प्रयोग किया जाता है।



बेसन:- यह एक फेसफैक के रूप में प्रयोग किया जाता है। यह त्वचा में कसाव लाने का काम करता है। बेसन में दूध और हल्दी मिलाकर उबटन के रूप में प्रयोग किया जाता है।




आलू:- आलू को पीसकर चेहरे पर लगाने से उसके दाग धब्बे दूर होते हैं। आलू के पीस काटकर आंखों पर रखने से आंखों की सूजन भी दूर होती है।



शहद:- इसे लिप बाम के रूप में प्रयोग किया जा सकता है। इसका पैक बनाकर चेहरे पर लगाने से चेहरा कांतिमय होता है। चेहरे पर झुर्रियां भी नहीं पड़ती। इसके लिए शहद में प्याज का रस मिलाकर लगायें।




पुदीना:- पुदीने की पत्तियों का रस चेहरे पर लगाने से कई फायदे होते हैं। चेहरे के दाग-धब्बे दूर होते हैं और चेहरा कांतिमय बनता है।



खीरा:- खीरे के गोल स्लाइस आंखों पर रखने सें आंखों को ठंडक मिलती है। खीरे का रस चेहरे पर लगाने से त्वचा में निखार आता है।



इमली:- इमली त्वचा से डेड सेल हटाने का काम करती है। इससे बेजान त्वचा में जान आ जाती है।