खाना बनाते समय ध्यान दें


भोजन अधिकांश स्त्रियां बनाती हैं। कई गृहणियां  तो काफी कुशल भी होती हंै। खाना बनाते समय कुछ बातों का ध्यान रखने पर खाना न सिर्फ स्वादिष्ट बनेगा बल्कि पौष्टिक भी बनेगा और आप पर कार्यबोझ भी अधिक नहीं होगा।



  • भोजन बनाने से पहले यह अवश्य देख लें कि आप जो बनाने जा रहे हैं, उसके लिए आपके पास आवश्यक सामग्री है या नहीं। यदि कोई वस्तु उपलब्ध न हो तो यथासंभव बाजार से उसे मंगवा लें।

  • आवश्यक सामग्री को गैस के पास रखें पर यह ध्यान रहे कि शैल्फ बेतरतीबी से भरा हुआ न लगे। हर वस्तु को सलीके से रखें।

  • यदि आपका किचन स्टैंडिंग में है तो खाना बनाते वक्त एप्रिन अवश्य बांध लें अन्यथा आपके वस्त्र खराब हो जाएंगे। वस्त्रों पर पड़े आटे, सब्जी आदि के धब्बे जहां देखने में बुरे लगेंगे, वहीं इनके छूटने का भी भरोसा नहीं होता।

  • गैस के दोनों चूल्हों का इस्तेमाल करें। इससे आपके समय व श्रम दोनों की बचत होगी।

  • भोजन पकाते समय सफाई का ध्यान रखें। प्रत्येक वस्तु को ढक कर रखें।

  • सब्जी को अधिक घी या तेल में न पकाएं।

  • भोजन को धीमी आंच पर पकाने का प्रयास करें। इससे भोजन में उपस्थित पौष्टिक तत्व नष्ट नहीं होंगे।

  • सब्जी प्रेशर कुकर में ही पकाएं। इससे गैस की भी बचत होगी और भोजन की पौष्टिकता बनी रहेगी।

  • नर्म सब्जियों को छिलके समेत पकाएं।

  • सभी सब्जियों को छीलकर धोएं। काटने के पश्चात् धोने से उनमें मौजूद खनिज लवण नष्ट हो जाते हैं।

  • चोकरयुक्त आटे की रोटी बनाएं।

  • हर प्रकार के चाकुओं को एक स्थान पर रखें जिससे आवश्यकता पड़ने पर वे आसानी से मिल सकें।

  • भोजन में अधिक मिर्च मसाले का प्रयोग न करें क्योंकि ये स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हैं।

  • भोजन की पौष्टिकता बनाए रखने हेतु उसे आवश्यकता से अधिक न पकाएं।

  • गैस जलाने हेतु लाइटर का ही प्रयोग करें। माचिस का प्रयोग करने पर तीलियों का कूड़ा बढ़ेगा।

  • रसोई में सदैव 1-2 साफ कपड़े रखें जिससे समय-समय पर हाथों व शैल्फ को पोंछा जा सके।

  • प्रतिदिन गैस की सफाई अवश्य करें। गैस का चूल्हा व बर्नर सदैव साफ होने चाहिए।