होंठों को सुंदर आप भी बना सकती हैं

होंठों को सुंदर
आप भी बना सकती हैं



चेहरे के हर नक्श का अपना महत्त्व और आकर्षण होता है। सुन्दर सुतवां नाक, कटोरे जैसी बड़ी-बड़ी आंखें और कमल की पंखुड़ियों जैसे कोमल गुलाबी होंठ।


दुर्भाग्यवश प्रत्येक महिला का प्रत्येक नक्श सुन्दर और आकर्षक नहीं होता। सौंदर्य प्रसाधनों ने चेहरे के छोटे-बड़े दोष दूर करने में काफी मदद की है। इसकी बदौलत सुन्दर न दिखने वाले चेहरे के नक्श भी आकर्षक लगने लगते हैं।


वास्तव में सौंदर्य प्रसाधनों का रहस्य इसी में है कि चेहरे के आकर्षक भागांे को और आकर्षक बना कर उभारा जाए और अनाकर्षक को गौण बना दिया जाए। लिपस्टिक के कुशल प्रयोग से आप अपने होंठों को सर्वोंत्तम आकार प्रदान कर सकती हैं।


लिपस्टिक ब्रश के प्रयोग का परिणाम बहुत ही सुन्दर निकलता है। ब्रश से आप होंठों की बाहरी रेखा बना कर अंदर लिपस्टिक भर सकती हैं। सबसे पहले ऊपरी होंठ पर लिपस्टिक लगाएं, इसके बाद नीचे के होंठ पर। यदि आपके होंठ मोटे हैं तो होंठों पर त्वचा के रंग की फाउंडेशन लगाएं। फिर प्राकृतिक रेखा से थोड़ा हट कर अंदर की ओर लिपस्टिक की रेखा बनाएं और उसके बीच लिपस्टिक लगा लें।


यदि आपके होंठ बहुत पतले हैं तो लिपस्टिक से प्राकृतिक रेखा से थोड़ी बाहर को रेखा बनाएं ताकि आपके होंठ कुछ मोटे लगें। इस बात का ख्याल रखें कि लिपस्टिक की लाइन होंठों के प्राकृतिक आकार जैसी ही खिंचनी चाहिए। बाहरी रेखा ठीक ढंग से बन जाने के बाद ही अंदर लिपस्टिक का रंग भरें।



असमान अनुपात के होंठों के लिए ब्रश के साथ ऊपर बताए गए तरीके से जो होंठ पतला या मोटा है, आवश्यकता अनुसार वैसी ही लाइन लगाएं। यदि मुंह अधिक चैड़ा है तो उसे छोटा आकार देने के लिए होंठों की पूरी लम्बाई तक लिपस्टिक न लगाएं। दोनों ओर थोडे़-थोड़े होंठ छोड़ दें।
यदि आपके होंठ खुश्क हैं और उन पर पपड़ियां जमी रहती हैं तो लिपस्टिक लगाने से पहले कोल्ड क्रीम लगाएं। यदि आपके होंठों का रंग काला है तो रात को सोने से पहले आप ग्लिसरीन अथवा कोल्ड क्रीम में नींबू का रस मिला कर लगाएं।


प्रश्न यह है कि किस रंग की लिपस्टिक इस्तेमाल की जाए? सबसे पहली बात तो यह है कि लिपस्टिक का रंग कपड़ों के रंग के साथ मेल खाता होना चाहिए। शाम को गहरे रंग की लिपस्टिक लगाई जा सकती है।


यदि आंखों पर खूब मेकअप किया गया है तो लिपस्टिक भी गहरे रंग की ही होनी चाहिए। रात को तो मेकअप का यह मेल बहुत ही जंचता है। चूंकि लिपस्टिक का फैशन बदलता ही रहता है, इसलिए अपने पास बहुत सारी लिपस्टिकें इकट्ठी न करें। दो-तीन लिपस्टिकें ही काफी होती हैं।
इस बात का ख्याल रखें कि जिस ढंग से आप लिपस्टिक लगाती हैं उससे आप के सौंदर्य में निखार भी आ सकता है और सौंदर्य में धब्बा भी लग सकता है।